नदबई ( भरतपुर ) राजस्थान निवासी युवा वैभव शर्मा (अंतर्राष्ट्रीय विधि विशेषज्ञ, लन्दन) की पुस्तक ” बियॉन्ड बॉर्डर एन्ड बूरोक्रेसीज ” का लंदन (यूके) में विमोचन हुआ है।

वैभव शर्मा की उक्त पुस्तक ( Beyond border and bureaucracies) के माध्यम से भारत विभाजन के ऐतिहासिक और मानवीय अनुभवों को समर्पित साहित्यिक कृति को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच।

नदबई, राजस्थान के निवासी श्री दयानंद शर्मा के सुपुत्र वैभव शर्मा जो कि लन्दन में अंतर्राष्ट्रीय विधि विशेषज्ञ हैं, के द्वारा लिखित पुस्तक का विधिवत विमोचन लंदन, यूनाइटेड किंगडम में संपन्न एक अंतर्राष्ट्रीय विधि सम्मेलन में विमोचन किया गया। यह अवसर न केवल वैभव शर्मा के लिए, बल्कि समूचे भारतीय साहित्यिक एवं शैक्षणिक जगत के लिए गर्व का विषय है।
इस पुस्तक में लेखक वैभव शर्मा ने भारत विभाजन के समय भारतीयों के जीवन, संघर्ष और मानवीय पीड़ा का अत्यंत संवेदनशील और तथ्यपरक वर्णन नदबई को केंद्र में रखकर किया है। पुस्तक में ऐतिहासिक घटनाओं के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और नैतिक दृष्टिकोण से भी गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है, जो इसे केवल साहित्यिक ही नहीं, बल्कि एक गंभीर शैक्षणिक दस्तावेज के रूप में स्थापित करता है।
लेखक ने यह भी दर्शाया है कि कठिन परिस्थितियों में जब औपचारिक व्यवस्थाएँ कमजोर पड़ जाती हैं, तब समाज और व्यक्ति किस प्रकार अपने साहस, आत्मसम्मान और सामुदायिक एकता से पुनर्निर्माण करते हैं। यही इस पुस्तक की विशिष्टता और प्रासंगिकता है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पुस्तक को इतिहास, पहचान और सामाजिक पुनर्निर्माण जैसे विषयों पर एक महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।
यह नदबई और राजस्थान के लिए भी सम्मान की बात है कि यहां से एक ऐसा लेखक उभरा है, जिसकी कृति वैश्विक स्तर पर सराही जा रही है।
विधि एवं कानून के क्षेत्र से वैभव शर्मा को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए विश्व स्तर पर हार्दिक बधाईयां मिल रही है, हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते है। ज्ञात रहें कि वैभव शर्मा ने विधि के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, नेदरलैंड, स्पेन एवं जर्मनी में रहकर प्राप्त की है।
पूर्व में वैभव शर्मा द्वारा एक अन्य पुस्तक “Legal sophistries of war ” भी भारत लॉ हाउस के माध्यम से प्रकाशित की जा चुकी है।

वैभव शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक “अमेज़न के वेब स्टोर” पर उपलब्ध है।
उक्त पुस्तक को “किंडल वेब स्टोर” से डाउनलोड भी किया जा सकता है।
